उत्तराखंड में बढ़ा डेंगू का खतरा: 50 मरीजों की पुष्टि, अस्पतालों में 1662 बेड आरक्षित
उत्तराखंड में बदलते मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच डेंगू का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिले के 40 सरकारी और निजी अस्पतालों में 1,530 सामान्य बेड और 132 आईसीयू बेड आरक्षित कर दिए हैं। अब तक जिले में 50 डेंगू मरीजों की पुष्टि हो चुकी है।
विशेषज्ञों के अनुसार रुक-रुक कर होने वाली बारिश, नमी और हल्की गर्मी डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार करती हैं। यही वजह है कि इस वर्ष डेंगू के मामलों में सामान्य से पहले ही बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। आमतौर पर डेंगू के मामले सितंबर से बढ़ने लगते हैं, लेकिन इस बार मई से अब तक ही 50 मामले सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने एम्स ऋषिकेश, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय, जिला अस्पताल सहित सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को डेंगू मरीजों के उपचार के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, चिकित्सा सुविधाओं और क्लीनिकल तैयारियों के साथ-साथ ब्लड बैंकों में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रखने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
जंतु विशेषज्ञ सुनील कुमार के अनुसार डेंगू केवल मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। उन्होंने बताया कि अंडों का भार होने के कारण यह मच्छर सामान्यतः लगभग तीन फीट की ऊंचाई तक ही उड़ पाता है। ऐसे में घरों और आसपास पानी जमा न होने देना तथा साफ-सफाई बनाए रखना डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

More Stories
उत्तराखंड में 8 अगस्त तक बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री-गंगोत्री हाईवे कई जगह बंद, 8 अगस्त तक बारिश का अलर्ट
सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे हरिद्वार-ऋषिकेश