Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

शिव मंदिर में चढ़ावे की चोरी से मचा हड़कंप! पुजारी को धमकी, मंदिर पर कब्जे की कोशिश का आरोप

 

शिव मंदिर में चढ़ावे की चोरी से मचा हड़कंप! पुजारी को धमकी, मंदिर पर कब्जे की कोशिश का आरोप

 

शहर की इंदिरा कॉलोनी स्थित प्राचीन ब्रह्म वृक्ष शिव मंदिर से चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मंदिर सेवा समिति ने कोतवाली नगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए एक व्यक्ति पर चढ़ावे की चोरी, पुजारी को जान से मारने की धमकी और मंदिर पर कब्जा करने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

समिति के अनुसार, मंदिर में 4 अगस्त और 16 अगस्त 2025 को चढ़ावे की चोरी की घटनाएं हुई थीं। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखता था और उसी ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

शिकायत में कहा गया है कि जब मंदिर के पुजारी अतुल पांडे ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। समिति का दावा है कि आरोपी लंबे समय से मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी करता आ रहा है।

मंदिर सेवा समिति का कहना है कि चोरी की घटनाओं के बाद क्षेत्रवासियों ने मंदिर के सुचारु संचालन के लिए एक समिति का गठन किया, लेकिन आरोपी इस समिति को मानने से इनकार कर रहा है और मंदिर पर अपना अधिकार जताने की कोशिश कर रहा है।

समिति ने यह भी बताया कि प्राचीन ब्रह्म वृक्ष शिव मंदिर का निर्माण और संचालन वर्षों से स्थानीय लोगों के सहयोग से होता आया है। ऐसे में चढ़ावे की चोरी और मंदिर पर कब्जे की कथित कोशिश से क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है।

फिलहाल कोतवाली नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।