उत्तराखंड में दस्तक देने को तैयार मानसून, अगले 3-4 दिनों में होगी एंट्री; कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इस बीच राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में गर्जन, तेज बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने की रफ्तार अब तेज हो सकती है और जल्द ही पूरे प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।
पूर्वानुमान के अनुसार 26 जून को राज्य के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार जताए गए हैं।
तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य बना रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि तेज बारिश, गर्जन और तूफान के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।
प्रदेश में मानसून के आगमन से जहां भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं किसानों और बागवानों को भी इसका लाभ मिलेगा।

More Stories
देवप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा: हेमकुंड साहिब जा रहे पंजाब के दो श्रद्धालु बाइक फिसलने से घायल
चमोली में मूसलाधार बारिश का कहर: स्कूल, बाजार और हाईवे पर मलबा, कई दुकानें व वाहन प्रभावित
देहरादून में निहंगों के प्रवेश की सूचना से हाई अलर्ट, अफवाहों के बीच दो घंटे तक तनावपूर्ण माहौल