चमोली में मूसलाधार बारिश का कहर: स्कूल, बाजार और हाईवे पर मलबा, कई दुकानें व वाहन प्रभावित
उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के नारायणबगड़ और गौचर में भारी बारिश के चलते मलबा और जलभराव से व्यापक नुकसान हुआ है। कई सरकारी भवन, दुकानें और वाहन इसकी चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात नारायणबगड़ ब्लॉक मुख्यालय स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर के पीछे जंगल में हुई अतिवृष्टि के बाद पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा बहकर विद्यालय परिसर में आ गया। मलबे के तेज बहाव से तीन कक्षा-कक्षों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि छात्रावास और कॉलेज परिसर भी इसकी चपेट में आ गए।
विद्यालय का कार्यालय, प्रधानाचार्य कक्ष सहित कई कमरों में मिट्टी और पत्थर भर जाने से पूरा परिसर जलमग्न हो गया। स्कूल परिसर में चारों ओर मलबा फैला हुआ है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित होने की आशंका है।
वहीं, इंटर कॉलेज परिसर और अस्पताल के बीच बने नाले में आए उफान के कारण मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच गया। हाईवे पर मलबा फैलने से यातायात भी प्रभावित हुआ। बाजार क्षेत्र में दर्जनभर दुकानों के अंदर मलबा घुस गया, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। कई दोपहिया और हल्के चारपहिया वाहन भी मलबे में आंशिक रूप से दब गए।
इसके अलावा गौचर क्षेत्र में भी भारी जलभराव की स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही हैं। मलबा हटाने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

More Stories
देवप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा: हेमकुंड साहिब जा रहे पंजाब के दो श्रद्धालु बाइक फिसलने से घायल
उत्तराखंड में दस्तक देने को तैयार मानसून, अगले 3-4 दिनों में होगी एंट्री; कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
देहरादून में निहंगों के प्रवेश की सूचना से हाई अलर्ट, अफवाहों के बीच दो घंटे तक तनावपूर्ण माहौल