देहरादून में निहंगों के प्रवेश की सूचना से हाई अलर्ट, अफवाहों के बीच दो घंटे तक तनावपूर्ण माहौल
देहरादून में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब निहंगों के एक जत्थे के कुल्हाल बैरियर तोड़कर दून की ओर बढ़ने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। डीएम आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तत्काल प्रेमनगर क्षेत्र पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, निहंगों के देहरादून की ओर बढ़ने की खबर फैलते ही प्रेमनगर, सेलाकुई और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। साथ ही संभावित मार्गों और ठहराव स्थलों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया।
करीब दो घंटे तक प्रेमनगर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। भारी पुलिस बल की तैनाती और अधिकारियों की लगातार आवाजाही से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल देखने को मिला। प्रेमनगर चौक पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सिख समुदाय के लोग भी एकत्र हो गए।
हालांकि बाद में पुलिस को स्पष्ट जानकारी मिलने पर स्थिति सामान्य हो गई। जांच में निहंगों के देहरादून में प्रवेश करने या किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस बल ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च और गश्त जारी रखी तथा लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। स्थिति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे शहर में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

More Stories
रुद्रप्रयाग में गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी की डेडलाइन बढ़ी, अब 23 अगस्त तक करा सकेंगे सत्यापन
बादशाहपुर में पागल कुत्ते का आतंक! 3 दिन में 10 लोगों पर हमला, बुजुर्ग महिला की हालत नाजुक
मसूरी में भारी बारिश का कहर! देखते ही देखते भरभराकर गिरा बहुमंजिला भवन, 5 लोगों ने भागकर बचाई जान