Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

बम धमकी के बाद अलर्ट मोड में दून पुलिस, पूरे जिले में चल रहा सघन चेकिंग अभियान

बम धमकी के बाद अलर्ट मोड में दून पुलिस, पूरे जिले में चल रहा सघन चेकिंग अभियान

 

देहरादून में कुछ दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से सभी थानों में बम धमाके की धमकी मिलने के बाद दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। देर रात से लेकर सुबह तड़के तक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आने-जाने वाले वाहनों की आकस्मिक जांच की जा रही है। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों में शामिल प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके पहचान और सत्यापन संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बॉर्डर चेक पोस्टों के अलावा जिले के आंतरिक मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्प्रभावी किया जा सके।

चेकिंग अभियान की निगरानी स्वयं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग अभियान का जायजा ले रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या आपातकालीन नंबर पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।