टोल प्लाजा पर दबंगई का तांडव! टोल कर्मी के सिर पर मशीन से हमला, गंभीर घायल
उत्तराखंड के देहरादून जिले में स्थित धर्मावाला टोल प्लाजा पर रविवार देर रात एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां टोल कटने के बाद कार सवारों ने जमकर हंगामा किया और टोल कर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:21 बजे हिमाचल नंबर की एक कार टोल प्लाजा पर पहुंची। फास्टैग से टोल कटते ही कार में सवार लोग भड़क गए और टोल कर्मचारियों के साथ बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवारों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और वाहन को टोल लेन में खड़ा कर यातायात बाधित कर दिया।
आरोप है कि विरोध करने पर दो युवक कार से नीचे उतरे और टोल कर्मी निशांत कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पोर्टेबल फास्टैग मशीन उठाकर निशांत के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद भी आरोपियों ने लात-घूंसों से हमला जारी रखा और उसके कपड़े तक फाड़ दिए।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने और गाड़ी से कुचलने की धमकी भी दी। वहीं कार में मौजूद एक युवती पर भी गाली-गलौज और धमकाने के आरोप लगे हैं।
घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब क्षेत्र के रहने वाले हैं।
अब सवाल यह है कि आखिर कानून का डर कब खत्म हुआ कि टोल प्लाजा पर ही इस तरह की गुंडागर्दी खुलेआम होने लगी? इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर बढ़ती दबंगई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

More Stories
नंदा देवी नेशनल पार्क में दिखे दुर्लभ वन्यजीव, हिम तेंदुए की मौजूदगी के मिले संकेत
उत्तराखंड में गर्मी से राहत के आसार, तेज हवाओं और बारिश का येलो अलर्ट जारी
नगरासू गुरुद्वारे में तनाव कम: दो और निहंग नीचे उतरे, अब चार ही अंदर मौजूद