Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

नंदा देवी नेशनल पार्क में दिखे दुर्लभ वन्यजीव, हिम तेंदुए की मौजूदगी के मिले संकेत

नंदा देवी नेशनल पार्क में दिखे दुर्लभ वन्यजीव, हिम तेंदुए की मौजूदगी के मिले संकेत

उत्तराखंड के नंदा देवी नेशनल पार्क में चल रहे जैव विविधता निगरानी अभियान से वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से उत्साहजनक जानकारी सामने आई है। अभियान पर गई विशेषज्ञों की टीम अपने अंतिम पड़ाव सरसो पताल तक पहुंच गई है। इस दौरान टीम ने कई दुर्लभ वन्यजीवों को प्रत्यक्ष रूप से देखा है, जबकि कुछ अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी के प्रमाण भी मिले हैं।

वन विभाग के अनुसार, सात जून से शुरू हुए इस विशेष अभियान के दौरान टीम को हिमालयन थार, साइबेरियन विजल, काला भालू, भरल और पिका समेत कई वन्यजीव दिखाई दिए हैं। वहीं हिम तेंदुआ और रेड फॉक्स सहित 11 अन्य स्तनधारी जीवों की मौजूदगी के संकेत उनके मल (स्केट) के नमूनों से मिले हैं।

डीएफओ अभिमन्यु ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर 40 कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। वापसी के दौरान इन कैमरों को हटाया जाएगा। कैमरा ट्रैप से प्राप्त होने वाली तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से क्षेत्र में पाए जाने वाले वन्यजीवों के बारे में और अधिक महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

अभियान के तहत टीम केवल वन्यजीवों की निगरानी ही नहीं कर रही, बल्कि क्षेत्र की वनस्पतियों और पारिस्थितिकी तंत्र का भी अध्ययन कर रही है। अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिससे नंदा देवी नेशनल पार्क की जैव विविधता और संरक्षण की स्थिति को बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा।

गौरतलब है कि नंदा देवी नेशनल पार्क में इस प्रकार का जैव विविधता निगरानी अभियान हर दस वर्ष में आयोजित किया जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार के अभियान से प्राप्त आंकड़े वन्यजीव संरक्षण और भविष्य की प्रबंधन योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।

फिलहाल टीम सरसो पताल में दो दिन रुकने के बाद वापसी शुरू करेगी। अभियान की अंतिम रिपोर्ट का वन विभाग और पर्यावरण विशेषज्ञों को बेसब्री से इंतजार है।