Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुई देवभूमि, चारधाम से औली तक दिखा योग का उत्साह

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुई देवभूमि, चारधाम से औली तक दिखा योग का उत्साह

 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज पूरी देवभूमि उत्तराखंड योगमय नजर आई। मैदानों से लेकर हिमालय की ऊंची चोटियों तक लोगों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। चारधाम, हरिद्वार, देहरादून, चंपावत और औली सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर उत्तराखंड में हर तरफ योग का रंग देखने को मिला। प्रदेशभर में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर निरोगी जीवन का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के बनबसा में आयोजित भव्य योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने योग को भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

वहीं राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को योग अपनाकर स्वस्थ रहने का संदेश दिया गया।

धर्मनगरी हरिद्वार में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित योग उत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली, जहां कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

हालांकि जहां प्रदेश के अधिकांश हिस्सों से योग दिवस की प्रेरणादायक तस्वीरें सामने आईं, वहीं देवप्रयाग संगम तट से एक निराशाजनक दृश्य देखने को मिला। हर साल योग दिवस के अवसर पर यहां पहुंचने वाले जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी इस बार नदारद रहे। स्थिति यह रही कि योग दिवस का आयोजन केवल राष्ट्रीय कैडेट कोर यानी एनसीसी के नौ कैडेटों और उनके एक शिक्षक के सहयोग से संपन्न होता दिखाई दिया।

उधर सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों ने भी योग दिवस पर अद्भुत उदाहरण पेश किया। औली स्थित आईटीबीपी स्कीइंग संस्थान के जवानों ने समुद्र तल से लगभग 13,780 फीट की ऊंचाई पर बर्फ से ढकी रोहतांग की चोटियों के बीच योगाभ्यास किया। कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने योग कर शारीरिक और मानसिक संतुलन का संदेश दिया। खास बात यह है कि इन दिनों जवान यहां स्कीइंग प्रशिक्षण भी प्राप्त कर रहे हैं।