यमुना नदी में डूबने से 9 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में पसरा मातम
उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय मासूम की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के लाइन जीवनगढ़ निवासी मौहम्मद कैफ (9) शुक्रवार को अपने परिजनों के साथ जलालिया क्षेत्र में यमुना नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। परिजनों ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया और किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया।
इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए हरबर्टपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि अस्पताल से बच्चे की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बालक अपने परिवार के साथ नदी में नहाने गया था, जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूब गया।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं प्रशासन ने लोगों से नदियों और जल स्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर बच्चों को अकेला न छोड़ने की सलाह दी गई है।

More Stories
उत्तराखंड में मौसम का येलो अलर्ट: आज भी बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी
खालसी रोड पर दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत, दूसरा घायल
35 लाख की दवा, करोड़ों का खेल! STF ने पकड़ा प्रतिबंधित कैप्सूल तस्करी का बड़ा नेटवर्क