Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर पलटा टेम्पो ट्रैवलर, 10 यात्री थे सवार, बड़ा हादसा टला

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तीन धारा के पास यात्रियों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। वाहन में कुल दस लोग सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। लोगों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना में दो यात्री घायल हुए हैं। चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि चालक द्वारा सड़क किनारे गिरे एक पत्थर पर वाहन चढ़ जाने के कारण टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया।

घायलों की पहचान चिंतन गोयल (45 वर्ष), निवासी कांदिवली मुंबई और ललिता साठे (42 वर्ष), निवासी ठाणे मुंबई के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी भेजा गया।

डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया है।

समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।