Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

देहरादून: हत्या के प्रयास के मामले में 20 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल डंडा भी बरामद

देहरादून: हत्या के प्रयास के मामले में 20 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल डंडा भी बरामद

देहरादून में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी हिमांशु डंगवाल उर्फ मिंटू को नेहरू कॉलोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आईएसबीटी क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बेसबॉल का डंडा भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, एकता विहार अजबपुर खुर्द निवासी कीर्ति मौर्य ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 मई की रात हिमांशु डंगवाल और उसके साथियों ने उनके पिता सुशील मौर्य पर लोहे की रॉड और बेसबॉल के डंडे से हमला कर दिया था। आरोपियों ने सुशील मौर्य के सिर पर कई वार किए और उन्हें गंभीर हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए थे।

घायल सुशील मौर्य को तत्काल जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया। मामले में कीर्ति मौर्य की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मुख्य आरोपी हिमांशु डंगवाल घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी देहरादून ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी।

शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आईएसबीटी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि

घटना के बाद लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था ताकि पुलिस से बच सके।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए असम भागने की तैयारी कर रहा था। हालांकि उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान हिमांशु डंगवाल उर्फ मिंटू (43) निवासी माता मंदिर के निकट, अजबपुर कला, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।

घायल सुशील मौर्य के बेटे कीर्ति मौर्य ने बताया कि घटना में हिमांशु के साथ तीन-चार अन्य लोग भी शामिल थे, जो अभी फरार हैं। उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी भूमिका की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।