महिला कर्मचारी को शादी का झांसा देकर 9 साल तक करता रहा शोषण
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भतरौजखान थाना क्षेत्र में एक महिला कर्मचारी ने एक व्यक्ति पर शादी का झूठा वादा कर करीब 09 वर्षों तक शारीरिक और मानसिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
गोलू मंदिर में शादी का भरोसा दिलाया
ब्लॉक मुख्यालय में कार्यरत पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब नौ साल पहले आरोपी नंदन सिंह रावत ने अल्मोड़ा स्थित गोलू देवता मंदिर में उससे शादी करने का भरोसा दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने मंदिर में उसे मंगलसूत्र पहनाकर साथ जीवन बिताने का वादा किया और इसी भरोसे पर वह उसके साथ रहने लगी। महिला के अनुसार इसके बाद दोनों लंबे समय तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे। आरोपी कई बार उसके घर भी आता-जाता रहा और उसने लगातार विवाह का भरोसा बनाए रखा।
सरकारी नौकरी का उठाया फायदा, लाखों रुपये लिए
पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसकी सरकारी नौकरी का फायदा उठाते हुए उससे कई तरह के खर्च करवाए। महिला का कहना है कि आरोपी ने वाहन खरीदने, कपड़े, मकान का किराया और अन्य निजी खर्चों के नाम पर उससे लाखों रुपये ले लिए। महिला का दावा है कि आरोपी लगातार शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन जब उसने विवाह को कानूनी रूप देने और उसका पंजीकरण कराने की बात कही तो आरोपी और उसके परिवार का व्यवहार अचानक बदल गया
जातिसूचक टिप्पणी कर शादी से किया इनकार
पीड़िता के मुताबिक जब उसने शादी का रजिस्ट्रेशन कराने की बात उठाई तो आरोपी और उसके परिवार ने जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, महिला का आरोप है कि आरोपी ने फोन पर उसे धमकाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
महिला की शिकायत मिलने के बाद भतरौजखान पुलिस ने आरोपी नंदन सिंह रावत के खिलाफ महिला उत्पीड़न, ठगी, जालसाजी और एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

More Stories
बस के कांच ने तोडा पुलिस में भर्ती होने का सपना,परिवार में छाया मातम
दुःखद खबर: सड़क हादसे में एक की मौत चार घायल
अल्मोड़ा की बेटी मीनाक्षी पांडे विदेश में लहराएगी परचम, टोक्यो में सिखाएगी योग