दर्दनाक हादसा: आकाशीय बिजली गिरने से उच्च हिमालयी क्षेत्र में कीड़ाजड़ी निकालने गए, दो युवकों की मौत
पिथौरागढ: कीड़ाजड़ी निकालने छिपला केदार गए दो युवकों की बिजली गिरने से मौत हो गई। बेहद दुर्गम क्षेत्र होने के कारण युवकों का वहीं अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना से मृतकों के परिजन गहरे सदमे में हैं। धारचूला तहसील क्षेत्र के गर्गुवा ग्राम पंचायत के सौप तोक निवासी पंकज सिंह (28) पुत्र त्रिलोक सिंह और जितेंद्र सिंह कुंवर (32) पुत्र दौलत सिंह कुंवर लगभग 15 दिन पूर्व अन्य ग्रामीणों के साथ कीड़ाजड़ी निकालने छिपला केदार क्षेत्र में गए थे।
बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले खराब मौसम के दौरान कीड़ाजड़ी निकालते समय बिजली गिरने से दोनों युवकों की मौत हो गई। वहां कोई संचार नेटवर्क काम नहीं करने पर साथ में मौजूद कुछ ग्रामीणों ने धारचूला पहुंचकर परिजनों को हादसे की सूचना दी।
इसके बाद दोनों युवकों के परिजन छिपला केदार क्षेत्र स्थित बुग्यालाें में पहुंचे। बुग्यालों तक पहुंचने के लिए बेहद खतरनाक चट्टानी मार्ग से होकर जाना पड़ता है। ऐसे में वहां से शवों को नीचे लाना संभव नहीं था। इस पर दोनों युवकों का उसी क्षेत्र में अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवकों के साथ हुए इस हादसे से परिजन गहरे सदमे में हैं और गर्गुवा क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

More Stories
उत्तराखंड में जल्द दस्तक देगा मानसून, 22 जून तक पहुंचने की संभावना; गर्मी से मिलेगी राहत
अगस्त्यमुनि में दर्दनाक हादसा: नदी के तेज बहाव में बहा युवक, तलाश में जुटी एसडीआरएफ और पुलिस
तुंगनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पुलिस ने जारी की विशेष गाइडलाइन, दोपहर 12 बजे बाद चंद्रशिला ट्रैक बंद