Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

हेमकुंड यात्रा के दौरान बवाल! बाइक सवार श्रद्धालुओं और स्थानीय युवकों में हुआ विवाद

हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान तिलणी के पास बुधवार देर शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बाइक सवार श्रद्धालुओं और स्थानीय युवकों के बीच मामूली कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया। हालांकि पुलिस की तत्परता से मामला समय रहते शांत हो गया।

जानकारी के अनुसार, हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे बाइक सवार यात्रियों और स्थानीय वाहन में सवार कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई। शुरुआती विवाद के बाद बाइक सवार आगे निकल गए, लेकिन उनके पीछे आ रहे साथियों और स्थानीय युवकों के बीच फिर से बहस बढ़ गई, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुलदीप पंत ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई गई। आपसी संवाद के बाद दोनों पक्षों ने गले मिलकर विवाद समाप्त कर दिया और किसी भी तरह की शिकायत आगे नहीं बढ़ाने पर सहमति जताई।

समझौते के बाद हेमकुंड साहिब जा रहे यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।