Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

देहरादून में झमाझम बारिश के बीच ऑरेंज अलर्ट, स्कूल बंद; कैम्पटी फॉल में पर्यटक हादसे का शिकार

देहरादून में झमाझम बारिश के बीच ऑरेंज अलर्ट, स्कूल बंद; कैम्पटी फॉल में पर्यटक हादसे का शिकार

राजधानी देहरादून में सोमवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट बदली। शहर में झमाझम बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं, मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दोनों जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

मौसम को देखते हुए देहरादून के जिलाधिकारी ने आज जिले के सभी स्कूलों में अवकाश के आदेश जारी किए हैं। कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

कैम्पटी फॉल में तालाब में गिरा पर्यटक

वहीं, रविवार दोपहर कैम्पटी फॉल में नहाते समय पानीपत निवासी 32 वर्षीय अजय गौतम अचानक तालाब में गिर गया। अजय अपने तीन दोस्तों के साथ कैम्पटी फॉल घूमने आया था।

घटना की सूचना मिलते ही कैम्पटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए पर्यटक को तालाब से सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिसकर्मियों ने उसे मुख्य मार्ग तक पहुंचाया और 112 वाहन की मदद से मसूरी प्राथमिक चिकित्सालय भेजा।

अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद उसकी स्थिति में कुछ सुधार हुआ, लेकिन बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

कैम्पटी थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि घटना की सूचना रविवार 16 अगस्त की दोपहर मिली थी। पुलिस की तत्परता से पर्यटक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

चर्चित खबरें