देहरादून आने वाली ट्रेनों में सघन जांच, खाने के सैंपल लिए; धूम्रपान पर जुर्माना
देहरादून रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, खानपान की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर रेलवे ने सघन जांच अभियान चलाया। सुबह से शाम सात बजे तक देहरादून आने वाली ट्रेनों में जांच की गई। इस दौरान ट्रेनों के भोजनयान, लघु भोजनयान और स्टेशनों पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को परखा गया।
जांच के दौरान शताब्दी ट्रेन के लघु भोजनयान से टमाटर सूप का नमूना लिया गया, जिसे आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इससे पहले पनीर का नमूना भी जांच के लिए भेजा जा चुका है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान ट्रेनों में धूम्रपान करने वाले यात्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई और दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। रेलवे की ओर से यात्रियों को स्वच्छ और स्वस्थ यात्रा वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।
जांच दल ने यात्रियों को रेलवन एप के बारे में भी जानकारी दी। इस एप के जरिए यात्रियों को विभिन्न रेल सेवाओं और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी मिल सकती है।
अभियान में सहायक मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक हरि सिंह मीणा, सीआईटी सुहेल खान, ओएसएचआई दौलत सिंह, वाणिज्यिक निरीक्षक एसके अग्रवाल और आरपीएफ थाना प्रभारी पंकज यादव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, रेलवे की ओर से 17 सितंबर से 15 अक्तूबर तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े की भी शुरुआत की गई। इसके तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एक कार्यक्रम के दौरान स्टेशन प्रभारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। रेलवे का कहना है कि पखवाड़े का उद्देश्य यात्रियों और कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

More Stories
नेपाल आपदा के बीच उत्तराखंड की मदद, राहत टीम 8 से 10 दिन रहेगी
हेमकुंड साहिब और बदरीनाथ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, ठंड ने बढ़ाई दस्तक
बेटी के जन्मदिन पर घर आने का था वादा, तिरंगे में लिपटकर पहुंचे पापा… चमोली के सार्जेंट आशीष जुयाल को नम आंखों से अंतिम विदाई