चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, बदरीनाथ-केदारनाथ में 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि चारधाम यात्रा का दूसरा चरण शुरू हो चुका है और बाबा केदारनाथ व भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना बीकेटीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुसार यात्रा का संचालन किया जा रहा है तथा मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन, मंदिर समिति, तीर्थ पुरोहितों और हकहकूकधारियों के समन्वय से व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है।
पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या
हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष यात्रा की शुरुआत से ही श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। अब तक बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में 19 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें केदारनाथ धाम में 10 लाख से ज्यादा और बदरीनाथ धाम में 9 लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हैं। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।
स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष फोकस
मंदिर समिति की ओर से धामों में स्वच्छता, पेयजल, आवास, चिकित्सा सेवाओं और दर्शन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समिति लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं से धामों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरा इधर-उधर न फेंकें और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।
यात्रियों से की यह अपील
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार, मंदिर समिति, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न सेवा संस्थाओं के सहयोग से यात्रा संचालन में निरंतर सुधार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं से यात्रा पर आने से पहले पंजीकरण कराने, मौसम संबंधी सलाह का पालन करने और प्रशासन द्वारा जारी एसओपी का अनुपालन करने का आग्रह किया गया है, ताकि चारधाम यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

More Stories
गंगा में समाई कार के लापता यात्रियों की तलाश जारी, घायल बालक आयुष्मान को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया
गंगोत्री धाम में स्नान घाट बंद करने पर तीर्थ पुरोहितों का विरोध, प्रशासन पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप
दयारा बुग्याल ट्रैक पर पांचवें दिन भी नहीं मिला लापता महिला ट्रैकर का सुराग, सर्च ऑपरेशन जारी