Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

गंगा में नहाते समय बहा पर्यटक, 14 सदस्यीय टीम चला रही सर्च ऑपरेशन

गंगा में नहाते समय बहा पर्यटक, 14 सदस्यीय टीम चला रही सर्च ऑपरेशन

उत्तराखंड के कौड़ियाला क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान एक पर्यटक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी 40 वर्षीय आशीष जैन अपने परिवार के साथ वीकेंड पर गंगा तट पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वह गंगा की तेज धारा में बह गए। परिजनों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह आंखों से ओझल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिवार सदमे में आ गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च अभियान शुरू किया गया। एसडीआरएफ ढालवाला यूनिट के इंस्पेक्टर कवीन्द्र सजवाण ने बताया कि लापता पर्यटक की तलाश के लिए 14 सदस्यीय टीम तैनात की गई है। दो राफ्टों की मदद से गंगा नदी में लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा और अन्य नदियों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने से हादसों का खतरा और अधिक बढ़ जाता है।