कोहरे और बारिश के बीच जारी चारधाम यात्रा, अगस्त में खुलेगा केदारनाथ-बदरीनाथ कनेक्टिविटी ब्रिज
उत्तराखंड में लगातार बारिश और घने कोहरे के बीच भी चारधाम यात्रा आस्था के साथ जारी है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मौसम बेहद ठंडा हो गया है, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। वहीं, यात्रा को और सुगम बनाने वाला रुद्रप्रयाग का मोटर ब्रिज और टनल प्रोजेक्ट भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।
शनिवार सुबह केदारनाथ और बदरीनाथ धाम घने कोहरे की चादर में लिपटे नजर आए। लगातार हो रही बारिश के कारण दोनों धामों और आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। प्रतिकूल मौसम के बावजूद श्रद्धालु बाबा केदार और बदरी विशाल के दर्शन के लिए लगातार पहुंच रहे हैं।
केदारनाथ यात्रा प्रशासन की निगरानी में यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। अब तक 14 लाख 14 हजार 590 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जो भक्तों की अटूट आस्था का प्रमाण है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि पिछले दो दिनों में भारी बारिश के अलर्ट के चलते सुरक्षा के मद्देनज़र यात्रा को कुछ समय के लिए रोका गया था और तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया था। फिलहाल यात्रा सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह तैयार है। ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष योजना बनाई गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
वहीं, बदरीनाथ धाम में भी सुबह से घना कोहरा और हल्की बारिश का दौर जारी है। खराब मौसम के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन दर्शन व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी हुई है।
इस बीच, रुद्रप्रयाग में बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा को और आसान बनाने के लिए निर्माणाधीन मोटर ब्रिज और टनल प्रोजेक्ट अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष काम तेजी से चल रहा है।
करीब 900.30 मीटर और 200 मीटर लंबे मोटर ब्रिज के निर्माण पर केंद्र सरकार ने ₹156 करोड़ की स्वीकृति दी है। विभाग के अनुसार जल्द ही ब्रिज की लोड टेस्टिंग की जाएगी और सब कुछ तय समय पर रहा तो अगस्त महीने में इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
इस परियोजना के शुरू होने के बाद चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग शहर में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी तेज, सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

More Stories
देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, पति घायल
भारी बारिश का रेल यातायात पर असर: कई ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट और बदला समय
ब्रूमेशन से पहले बढ़ा सांपों का खतरा, सर्पदंश के मामलों में पांच गुना उछाल