एंजेल चकमा हत्याकांड: नेपाल में छिपे मुख्य आरोपी पर रेड कॉर्नर नोटिस, प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज
देहरादून: सेलाकुई के चर्चित एंजेल चकमा हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी की गिरफ्तारी को लेकर दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नेपाल में छिपे आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद अब उसके प्रत्यर्पण (एक्सट्राडिशन) की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आरोपी की तलाश शुरू हो गई है, जिससे उसे जल्द भारत लाकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत पेश किए जाने की उम्मीद बढ़ गई है।
गौरतलब है कि त्रिपुरा निवासी 24 वर्षीय एमबीए छात्र एंजेल चकमा पर पिछले वर्ष 9 दिसंबर को सेलाकुई क्षेत्र में जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल एंजेल ने 26 दिसंबर को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।
इस हत्याकांड में पुलिस ने छह आरोपियों को नामजद किया था, लेकिन मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी वारदात के बाद से फरार चल रहा है। जांच में उसके नेपाल भागने की पुष्टि हुई थी।
सीओ विकासनगर अनुज कुमार ने बताया कि आरोपी को भारत लाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से नेपाल सरकार के साथ आवश्यक पत्राचार किया जा रहा है। रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी आई है और जल्द ही आरोपी को भारत लाकर अदालत में पेश करने का प्रयास किया जाएगा।
दून पुलिस पहले ही यज्ञराज अवस्थी की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश शुरू होने से गिरफ्तारी की संभावना और मजबूत हो गई है।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने