Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

शक्ति नहर में गिरी कार, लापता युवक की तलाश में SDRF का सर्च ऑपरेशन

शक्ति नहर में गिरी कार, लापता युवक की तलाश में SDRF का सर्च ऑपरेशन

विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुल नंबर दो के पास एक कार के शक्ति नहर में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कार की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।

पुलिस के मुताबिक, कार डाकपत्थर से विकासनगर की ओर आ रही थी। इसी दौरान पुल नंबर दो के पास वाहन अनियंत्रित होकर नहर में गिरने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर पत्थरों और झाड़ियों पर वाहन के रगड़ने के निशान मिले हैं। वहीं, कार के बोनट का एक छोटा टुकड़ा भी मौके से बरामद हुआ है।

मामले में एक व्यक्ति ने पुलिस को नहर में कार के डूबने का वीडियो भी दिखाया। इसके बाद कार के नहर में गिरने की आशंका और मजबूत हो गई। हालांकि, रात के अंधेरे में एसडीआरएफ की टीम को कार का पता नहीं चल सका।

वहीं, डाकपत्थर क्षेत्र से एक युवक के लापता होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस युवक के परिजनों से जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लापता युवक का नहर में गिरी कार से कोई संबंध है या नहीं।

बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल कार और लापता युवक की तलाश जारी है।