ललितपुर यार्ड रिमॉडलिंग का असर: जुलाई में कई ट्रेनें रद्द, कई का बदला जाएगा रूट
अगर आप जुलाई में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर होने वाले यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते जुलाई महीने में कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि साबरमती–हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि भी बढ़ा दी गई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, ललितपुर रेलवे स्टेशन पर 1 जुलाई से 1 अगस्त तक यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्यों के लिए अलग-अलग तिथियों में ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।
इस दौरान 05074 लालकुआं–केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस 11 और 18 जुलाई को तथा 05073 केएसआर बेंगलुरु–लालकुआं एक्सप्रेस 14 और 21 जुलाई को रद्द रहेगी। वहीं 07363 एसएसएस हुबली–योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 13 जुलाई और 07364 योगनगरी ऋषिकेश–एसएसएस हुबली एक्सप्रेस 16 जुलाई को निरस्त रहेगी।
इसके अलावा 12172 हरिद्वार–लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस 17 जुलाई को बदले हुए मार्ग से संचालित होगी। इसी तरह 14313 लोकमान्य तिलक टर्मिनल–बरेली एक्सप्रेस 13 और 20 जुलाई तथा 14319 इंदौर–बरेली एक्सप्रेस 16 जुलाई को बीना–गुना–ग्वालियर मार्ग से चलाई जाएगी।
उधर, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने 09425/09426 साबरमती–हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि भी एक माह बढ़ा दी है। अब यह ट्रेन 6 से 28 जुलाई तक दोनों दिशाओं में आठ अतिरिक्त फेरे लगाएगी। साबरमती से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार शाम 6 बजकर 45 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन रात 8 बजकर 40 मिनट पर हरिद्वार पहुंचेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

More Stories
पहाड़ों में निर्मल, मैदान में बदला पानी का हाल: यमुना-टोंस की गुणवत्ता पर रिपोर्ट
उत्तरकाशी छात्रावास में बड़ा खुलासा: कीड़ों वाला खाना खाने को मजबूर छात्र, खुले चूल्हे पर बन रहा भोजन
देहरादून: प्रिंस चौक के पास सीट कवर गोदाम में भीषण आग, 15 दमकल वाहनों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू