रुड़की में डबल मर्डर से सनसनी, भाई पर बहन और पड़ोसी की हत्या का आरोप
रुड़की के झबरेड़ा क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक युवक ने कथित तौर पर अपनी बहन और पड़ोस में रहने वाले युवक को गोली मार दी। दोनों की मौत के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, अमन उर्फ भरोसी सिंह (20) ने अपनी बहन रूपा (22) और पड़ोसी सूरज उर्फ मुन्ना (24) को गोली मार दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों के सीने में गोली लगी। परिजन आनन-फानन में दोनों को झबरेड़ा के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वारदात के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांच की जा रही है। झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी अमन के खिलाफ झबरेड़ा थाने में पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट होने की बात कह रही है।

More Stories
उत्तरकाशी में रेड अलर्ट के बाद प्रशासन अलर्ट, गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा अस्थायी रूप से रोकी
उत्तराखंड में मौसम ने बदला मिजाज, यमुनोत्री-हेमकुंड साहिब में बर्फबारी, यात्रा पर भी असर
केदारनाथ में बिगड़ी दो यात्रियों की तबीयत, हेली एंबुलेंस से भेजा गया एम्स ऋषिकेश