Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

मूसलाधार बारिश से खलियाण गांव में भारी तबाही, 300 नाली कृषि भूमि प्रभावित

मूसलाधार बारिश से खलियाण गांव में भारी तबाही, 300 नाली कृषि भूमि प्रभावित

रुद्रप्रयाग। जखोली विकासखंड के पश्चिमी बांगर क्षेत्र स्थित खलियाण गांव में मूसलाधार बारिश के कारण खूड़गढ़ गदेरे में आए तेज बहाव से भारी नुकसान हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा में गांव का संपर्क मार्ग, पांच पैदल पुलियां, पंचायत भवन परिसर तथा लगभग 300 नाली कृषि भूमि प्रभावित हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, गदेरे में अचानक आए तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर बहकर आए, जिससे कई स्थानों पर आवाजाही बाधित हो गई। खेतों में मलबा जमा होने से किसानों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ा है।

ग्राम प्रधान रजनी देवी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के बीच गदेरे में अचानक जलस्तर बढ़ गया, जिससे पंचायत भवन परिसर, शौचालय, संपर्क मार्ग और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को दे दी गई थी।

ग्रामीण रमेश सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के करीब 12 घंटे बाद तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है। वहीं ग्रामीण रामचंद्र भट्ट ने बताया कि उनके मकान और दुकान के समीप भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर जमा हो गए हैं, जिससे खतरा बना हुआ है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य महावीर पंवार ने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए नुकसान का विस्तृत आकलन कराया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही पीएमजीएसवाई की जेसीबी मशीनें मलबा हटाने और जल निकासी व्यवस्था बहाल करने में जुटी हुई हैं।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों के किनारे न जाने की अपील की है।