भाजपा पार्षद के घर नौकर ने परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर की लूट, जेवर लेकर फरार
देहरादून के बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर बड़ी वारदात सामने आई है। आरोप है कि घर में काम करने वाले घरेलू सहायक ने परिवार के सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया और उनके बेहोश होने के बाद घर में रखे सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। इसी दौरान घरेलू सहायक ने कथित तौर पर घर में लूट की और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना में भाजपा पार्षद अमिता सिंह की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, करीब 20 दिन पहले पार्षद की बेटी दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए लेकर आई थी। अब आरोप इसी घरेलू सहायक पर है।
परिवार के सदस्यों को जब होश आया तो उन्हें घर में हुई वारदात की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी घरेलू सहायक की तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और घर से कितने के आभूषण व अन्य सामान चोरी हुए हैं।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने