Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

बारिश का कहर! अचानक ढहा पुश्ता, 5 घर क्षतिग्रस्त… बड़ा हादसा टला

बारिश का कहर! अचानक ढहा पुश्ता, 5 घर क्षतिग्रस्त… बड़ा हादसा टला

 

लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। शनिवार को शहर के नई बस्ती विजय कॉलोनी, पठरिया पीर क्षेत्र में अचानक एक पुश्ता भरभराकर ढह गया। पुश्ते की भारी दीवार नीचे बने मकानों पर जा गिरी, जिससे चार से पांच घर क्षतिग्रस्त हो गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में 62 वर्षीय विमला देवी घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टीमों ने तुरंत आसपास के मकान खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार बारिश के कारण पुश्ते की मिट्टी और दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह अचानक ढह गया। फिलहाल प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को असुरक्षित घोषित करते हुए आसपास के लोगों को वहां न रहने की सलाह दी है।

बारिश का सिलसिला जारी है… ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ढलानों और कमजोर पुश्तों के आसपास रहने वाले परिवार सतर्क रहें और किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।