बदरीनाथ हाईवे पर 3 घंटे जाम, भनेरपाणी भूस्खलन क्षेत्र में हजारों यात्री फंसे
चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपलकोटी के समीप भनेरपाणी भूस्खलन क्षेत्र में बृहस्पतिवार को करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे और बड़े-बड़े बोल्डरों को हटाने के लिए एनएचआईडीसीएल की ओर से मशीनों से सफाई अभियान चलाया गया, जिसके चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इस दौरान बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब जा रहे हजारों श्रद्धालु जाम में फंस गए। लंबे इंतजार के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में आसपास कोई दुकान न होने से यात्रियों को पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो सकीं।
मौसम सामान्य रहने के कारण एनएचआईडीसीएल ने दोपहर करीब एक बजे से शाम चार बजे तक चट्टानों पर अटके बोल्डरों को हटाने का कार्य किया, लेकिन इस दौरान कई बार यातायात रोकना पड़ा।
इस बीच कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी ने एनएचआईडीसीएल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भूस्खलन क्षेत्र में मलबा हटाने का काम दिन के बजाय रात में किया जाना चाहिए, ताकि चारधाम यात्रा बाधित न हो। वहीं स्थानीय लोगों ने भी हाईवे पर बेहतर यातायात प्रबंधन और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने