Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने

पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने

पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लूट की वारदात में अब नया इनपुट सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस वारदात को अकेले नौकर ने अंजाम नहीं दिया, बल्कि उसके बुलाने पर कुछ अन्य लोग भी रात के समय घर पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ खिलाकर या पिलाकर बेहोश किया। इसके बाद जब घर में मौजूद लोग बेसुध हो गए, तो नौकर ने अपने साथियों को अंदर बुलाया और सभी ने मिलकर घर में लूटपाट की।

वारदात रात करीब एक बजे के आसपास की बताई जा रही है। उस समय घर में पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटा शुभम मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आरोपी नौकर को करीब 25 दिन पहले ही घरेलू कामकाज के लिए रखा गया था।

परिवार के सदस्यों के बेहोश होने के बाद आरोपियों ने करीब एक घंटे तक घर में रहकर सामान खंगाला। इसके बाद कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की संख्या, उनकी पहचान और घर तक पहुंचने तथा वारदात के बाद फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

पुलिस अब फरार नौकर के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात से पहले घर की रेकी की गई थी या नहीं।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।