Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

नितिन नवीन का हल्द्वानी में कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- ‘दलितों के अपमान का रहा है इतिहास’

नितिन नवीन का हल्द्वानी में कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- ‘दलितों के अपमान का रहा है इतिहास’

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास दलितों के अपमान का रहा है।

रामपुर रोड स्थित वेडिंग प्वाइंट में प्रदेश कार्यसमिति की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झंडारोहण के साथ की। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

नितिन नवीन ने तुष्टिकरण, सीमा सुरक्षा, सनातन और दलित सम्मान जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विदेश में पले-बढ़े होने के कारण वे ‘वंदे मातरम’ की भावना को नहीं समझ सकते। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत का शंखनाद वंदे मातरम ही बनेगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर हमला बोलते हुए नितिन नवीन ने कांग्रेस के दलितों के प्रति रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने बाबा साहेब आंबेडकर को चुनाव में हराने, बाबू जगजीवन राम के साथ कथित दुर्व्यवहार और अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पहले सीमांत गांवों को ‘अंतिम गांव’ माना जाता था, जबकि मोदी सरकार ने इन्हें ‘प्रथम गांव’ का दर्जा दिया है। उन्होंने कहा कि आज लाल चौक पर तिरंगा शान से लहराता है और भारत दुश्मन को उसी भाषा में जवाब देता है।

2027 के लिए दिया ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ का मंत्र

कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए नितिन नवीन ने कहा कि संगठन मजबूत होने के बावजूद अति-आत्मविश्वास की कोई जगह नहीं है। 2027 चुनौती भी है और ताकत दिखाने का अवसर भी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता से सीधा संवाद कायम करने और ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ के संकल्प के साथ काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यह दशक उत्तराखंड का दशक है और 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ 2029 के लक्ष्य को भी हासिल किया जाएगा।

उत्तराखंड को बताया पीएम मोदी की ‘मनभूमि’

नितिन नवीन ने अपने संबोधन की शुरुआत उत्तराखंड को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा देने वाली देवभूमि बताते हुए की। उन्होंने कहा कि गुजरात उनकी जन्मभूमि, वाराणसी कर्मभूमि और उत्तराखंड उनकी ‘मनभूमि’ है, जहां से उन्हें देश की सेवा के लिए ऊर्जा मिलती है।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने भी अपने विचार रखे।