देहरादून में भाजपा नेता की हत्या के बाद बवाल, आरोपी के घर में आगजनी और बुलडोजर कार्रवाई
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद की हत्या के बाद तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार देर रात तक क्षेत्र में भारी हंगामा चलता रहा, जबकि रविवार सुबह बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और बाद में मकान में आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती करनी पड़ी। इसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से आरोपी के घर को ध्वस्त किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हत्या की घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता गांव में एकत्रित हो गए। कई प्रदर्शनकारियों के हाथों में लाठी-डंडे और अन्य सामान थे। पुलिस द्वारा रोकने के प्रयासों के बावजूद कुछ लोग आरोपी के घर तक पहुंच गए और वहां जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को वहां से हटाया
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आसपास के कई थानों की पुलिस और पीएसी को मौके पर तैनात किया गया है। गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
इस बीच विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने घटना पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।

More Stories
कैंची धाम स्थापना दिवस की तैयारियां पूरी, 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीब करौरी के दर्शन
असम विमान हादसे में उत्तराखंड का वीर सपूत बलिदान, सेलाकुई के प्रशांत सिंह को नम आंखों से दी जा रही श्रद्धांजलि
उत्तराखंड में जल्द दस्तक देगा मानसून, 22 जून तक पहुंचने की संभावना; गर्मी से मिलेगी राहत