Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

देवप्रयाग में बड़ा हादसा: गंगा नदी में समाई कार, तलाश में जुटीं रेस्क्यू टीमें

देवप्रयाग में बड़ा हादसा: गंगा नदी में समाई कार, तलाश में जुटीं रेस्क्यू टीमें

उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। सैनिक होटल और पंत गांव के बीच स्थित डंपिंग जोन के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे गंगा नदी में जा समाई।

जानकारी के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। सड़क किनारे लगे सुरक्षा पैराफिट को तोड़ते हुए कार सीधे नदी में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा बेहद भीषण था और कार कुछ ही क्षणों में गंगा की तेज धाराओं में ओझल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू टीमों द्वारा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि गंगा के तेज बहाव के कारण बचाव एवं तलाश अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल कार में सवार लोगों की संख्या और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस वाहन के नंबर और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

प्रशासन ने बताया कि कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। हादसे के कारण क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।