दावत बनी मौत का जाल! दोस्तों के बीच बैठे युवक को मारी गोली, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दोस्तों के साथ दावत में गए 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर जट निवासी सौरभ अपने दोस्त सुमित के बुलावे पर बूढ़पुर जट स्थित एक ईंट भट्ठे के पास दावत में गया था। उसके साथ डिंपल और आशीष भी मौजूद थे। आरोप है कि कुछ देर बाद सुमित लघुशंका का बहाना बनाकर वहां से चला गया। इसके बाद अनुज, रॉबिन और प्रद्युम्न बाइक पर मौके पर पहुंचे और कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान प्रद्युम्न ने देसी तमंचे से सौरभ पर गोली चला दी। गोली लगते ही सौरभ गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घायल सौरभ को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मुजफ्फरनगर रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। सौरभ वर्ष 2021 में विवाह बंधन में बंधा था और उसके दो छोटे बेटे हैं। वह मंडावली की एक निजी कंपनी में काम करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और हत्या के पीछे की वजह की गहन जांच की जा रही है।

More Stories
उत्तराखंड रोडवेज की बड़ी तैयारी! दिल्ली रूट पर दौड़ेंगी हाइड्रोजन बसें, किराया होगा कम
उत्तराखंड में बारिश का कहर! 100 सड़कें बंद, पहाड़ों में भारी बारिश का नया अलर्ट
दून अस्पताल में हंगामा! बच्चे ने फेंका चॉकलेट का रैपर, सफाईकर्मी पर मां को जान से मारने की धमकी देने का आरोप