दयारा बुग्याल ट्रैक पर पांचवें दिन भी नहीं मिला लापता महिला ट्रैकर का सुराग, सर्च ऑपरेशन जारी
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित दयारा बुग्याल ट्रैक से लापता हुई महिला ट्रैकर बबीता पांडे की तलाश पांचवें दिन भी जारी है। रामनगर, नैनीताल निवासी बबीता पांडे के लापता होने के बाद से प्रशासन, पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां लगातार खोज अभियान चला रही हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
बुधवार को विशेष सर्च टीमों ने गोई क्षेत्र स्थित झीलों और अन्य जल स्रोतों में गहन तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान में एसडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की डीप डाइविंग टीमों ने हिस्सा लिया। वहीं सेना, आईटीबीपी, वन विभाग और अन्य रेस्क्यू एजेंसियां भी अपने-अपने स्तर पर खोजबीन में जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार बबीता पांडे अपने दो साथियों हरमनपाल और हरमनप्रीत के साथ दयारा बुग्याल घूमने आई थीं। हरमनपाल ऊधमसिंह नगर और हरमनप्रीत उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का निवासी बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
इधर, घटना के बाद वन विभाग ने एहतियातन दयारा बुग्याल ट्रैक पर ट्रेकिंग गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोक दिया है। विभाग का कहना है कि ट्रेकिंग और पर्यटन के लिए निर्धारित एसओपी की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही लगातार चल रहे रेस्क्यू अभियान में ट्रेकर्स की आवाजाही भी बाधा बन रही थी।
हालांकि ट्रेकिंग एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों ने इस निर्णय पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ट्रैक को पूरी तरह बंद करने के बजाय सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाना चाहिए था। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्थिति की समीक्षा के बाद ट्रैक को जल्द ही दोबारा खोला जा सकता है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह शुक्रवार रात गोई क्षेत्र से बबीता पांडे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थीं। तब से करीब 150 से अधिक जवान और अधिकारी लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है, जिससे परिवार और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ती जा रही है।

More Stories
गंगा में समाई कार के लापता यात्रियों की तलाश जारी, घायल बालक आयुष्मान को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया
चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, बदरीनाथ-केदारनाथ में 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
गंगोत्री धाम में स्नान घाट बंद करने पर तीर्थ पुरोहितों का विरोध, प्रशासन पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप