डीएवी पीजी कॉलेज चुनाव में बवाल, कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में; एनएसयूआई नेताओं पर कार्रवाई का विरोध
देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के दौरान मंगलवार को उस वक्त माहौल गरमा गया, जब प्रत्याशियों को समर्थन देने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बवाल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने कई वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
वहीं, छात्रसंघ चुनाव में मतदान के लिए कॉलेज पहुंच रहे छात्रों के प्रवेश पत्रों की गेट पर जांच की गई। चुनाव को लेकर कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही।
दरअसल, एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेताओं के खिलाफ वारंट और गिरफ्तारी की कार्रवाई के विरोध में सोमवार रात कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया था। कार्यकर्ता रैली के रूप में एसएसपी आवास पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई की जीत की स्थिति बन रही है और इसी वजह से उसके छात्र नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वारंट और गिरफ्तारी के जरिए चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
डीएवी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सौरभ सेमवाल ने दावा किया कि एनएसयूआई छात्र नेता विनीत प्रसाद भट्ट उर्फ बंटू भैया के खिलाफ वारंट जारी होने के साथ गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा सरकार के दबाव में कार्रवाई कर रही है।
एसएसपी आवास पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई वापस लेने की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे धरने से नहीं हटे तो पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटा दिया।
फिलहाल डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस की कार्रवाई और कांग्रेस के विरोध के बीच देहरादून में सियासी माहौल गरमाया हुआ है।

More Stories
उत्तरकाशी: पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में भीषण आग, सेवानिवृत्त ANM की मौत
बर्फीली चोटियों पर फंसे लोगों तक पहुंच रही मदद, सीएम ने लिया राहत-बचाव अभियान का अपडेट
चीरबासा में मलबा-पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, सोनप्रयाग-गौरीकुंड से आगे नहीं भेजे यात्री