कैंची धाम स्थापना दिवस की तैयारियां पूरी, 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीब करौरी के दर्शन
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में सोमवार को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए क्षेत्र में व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा 16 जून तक भवाली से खैरना तक के मार्ग को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस दौरान इस रूट पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली और खैरना से विशेष शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से भक्तों को कैंची धाम पहुंचाया जा रहा है।
शनिवार से ही स्थापना दिवस को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ धाम पहुंचने लगी है। सुबह से शाम तक 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे क्षेत्र को चार सुपर जोन और 14 जोन में विभाजित किया गया है। पुलिस ने भीमताल स्थित सिडकुल पार्किंग में श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है, जहां से उन्हें शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है। भवाली और खैरना से भी इसी व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को भेजा जा रहा है।
स्थापना दिवस के अवसर पर सुरक्षा के लिए पुलिस का बड़ा अमला तैनात किया गया है। पुलिस विभाग की ओर से 3 एसएसपी, 1 एसपी, 8 एएसपी, 14 सीओ, 26 इंस्पेक्टर और एसओ, 4 टीआई, 11 टीएसआई, 146 एसआई और एएसआई तथा 475 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा दो प्लाटून पीएसी, एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग की टीमें भी तैनात की गई हैं।
शनिवार को नवोदिता कुकरेती और डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कैंची धाम पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क और चौकस रहने के निर्देश दिए।
प्रशासन का कहना है कि स्थापना दिवस के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। श्रद्धालुओं से भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

More Stories
असम विमान हादसे में उत्तराखंड का वीर सपूत बलिदान, सेलाकुई के प्रशांत सिंह को नम आंखों से दी जा रही श्रद्धांजलि
देहरादून में भाजपा नेता की हत्या के बाद बवाल, आरोपी के घर में आगजनी और बुलडोजर कार्रवाई
उत्तराखंड में जल्द दस्तक देगा मानसून, 22 जून तक पहुंचने की संभावना; गर्मी से मिलेगी राहत