केदारनाथ हेली सेवा की दूसरे चरण की टिकट बुकिंग आज से, 16 से 25 जून तक की यात्रा के लिए खुला पोर्टल
चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। केदारनाथ हेली सेवा के दूसरे चरण की टिकट बुकिंग बुधवार से शुरू हो रही है। श्रद्धालु 16 जून से 25 जून 2026 तक की यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक कर सकेंगे।
आईआरसीटीसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर बुकिंग से संबंधित सूचना जारी कर दी है। टिकट बुकिंग के लिए पोर्टल 10 जून को अपराह्न 3 बजे खोल दिया गया है, जहां से श्रद्धालु ऑनलाइन टिकट आरक्षित कर सकते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल में 22 अप्रैल से 15 जून तक की केदारनाथ हेली सेवा के लिए टिकट बुकिंग शुरू की गई थी। उस दौरान भारी मांग के चलते महज एक घंटे के भीतर सभी टिकट बुक हो गए थे।
केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा श्रद्धालुओं के बीच काफी लोकप्रिय है, खासकर बुजुर्गों, दिव्यांगों और कम समय में यात्रा पूरी करने वाले यात्रियों के लिए। ऐसे में दूसरे चरण की बुकिंग को लेकर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के ऑनलाइन पोर्टल पर पहुंचने की संभावना है।
प्रशासन और आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं से केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही टिकट बुक करने और किसी भी प्रकार की फर्जी वेबसाइट या दलालों से सावधान रहने की अपील की है।
श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि टिकटों की सीमित उपलब्धता को देखते हुए समय रहते बुकिंग प्रक्रिया पूरी कर लें।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने