Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू

 केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू

उत्तराखंड के केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक रूट से बड़ी खबर सामने आई है। यहां पांच सदस्यीय ट्रेकिंग दल से संपर्क टूटने के बाद उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, लापता ट्रैकर्स 25 सितंबर को केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर गए थे। दल की आगे ऑडिन कोल होते हुए गंगोत्री जाने की योजना थी। जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो परिजन यशवंत सिंह चौहान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र यानी डीईओसी रुद्रप्रयाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस नियंत्रण कक्ष, वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर और 40वीं वाहिनी पीएसी से समन्वय किया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें ट्रैक रूट पर खोजबीन में जुट गई हैं।

लापता ट्रेकर्स में अमित फर्सवाण, 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार, नवीन रावत, 40वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग, प्रवेश चौहान, फॉरेस्टर उत्तरकाशी, विवेक निवासी जग्गी बगवान और संजय सिंह रावत, पशुपालन विभाग केदारनाथ शामिल हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश पर यूकाडा के सहयोग से हेलिकॉप्टर के जरिए भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन उच्च हिमालयी क्षेत्र में कम दृश्यता के कारण हेलिकॉप्टर अभियान को फिलहाल स्थगित करना पड़ा।

मौसम साफ और अनुकूल होने पर दोबारा हेलिकॉप्टर से सर्च अभियान चलाया जाएगा। वहीं, जमीनी स्तर पर रेस्क्यू टीमें लगातार ट्रैक रूट पर लापता ट्रेकर्स की तलाश कर रही हैं।