उत्तराखंड में मौसम का ऑरेंज अलर्ट, देहरादून-टिहरी में भारी बारिश की चेतावनी; कैम्पटी फॉल में पर्यटक तालाब में गिरा
उत्तराखंड में सोमवार को मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
वहीं, प्रदेश के अन्य जनपदों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
इसी बीच, रविवार दोपहर कैम्पटी फॉल में नहाते समय एक पर्यटक अचानक तालाब में गिर गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पर्यटक को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए मसूरी अस्पताल पहुंचाया।
कैम्पटी थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह गुसाईं के मुताबिक, रविवार 16 अगस्त को सूचना मिली थी कि पानीपत निवासी 32 वर्षीय अजय गौतम नहाते समय तालाब में गिर गया है। अजय अपने तीन दोस्तों के साथ कैम्पटी फॉल घूमने आया था।
सूचना मिलते ही कैम्पटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पर्यटक को तालाब से बाहर निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद थाना परिसर के 112 वाहन से उसे मसूरी प्राथमिक चिकित्सालय ले जाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पर्यटक की हालत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मौसम विभाग के अलर्ट के बीच कैम्पटी फॉल जैसी जलधाराओं और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

More Stories
देहरादून में आज से एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026, 14 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
कोटद्वार में हाईवे पर हाथियों का आतंक! वाहनों के पीछे दौड़े गजराज, 3 वाहन क्षतिग्रस्त
CM धामी ने अटल बिहारी वाजपेयी को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि