उत्तराखंड में बारिश का कहर: 34 सड़कें बंद, चमोली सबसे ज्यादा प्रभावित
“उत्तराखंड में लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में सड़कें बंद हैं, बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा असर चमोली जिले में देखने को मिला है।”
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण 34 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। सबसे अधिक प्रभावित चमोली जिला है, जहां 10 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ में 8, देहरादून में 6, टिहरी में 4, रुद्रप्रयाग में 3, पौड़ी में 2 और बागेश्वर में 1 सड़क बंद है।
बंद मार्गों के कारण लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें सभी मार्गों को जल्द खोलने में जुटी हुई हैं।
इससे पहले गुरुवार को भी भारी बारिश के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग करीब साढ़े 11 घंटे तक बंद रहा, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हुई।
बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। चमोली जिले के नारायणबगड़ विद्युत खंड के 20 गांव और देवाल विद्युत खंड के 5 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। हालांकि विभाग ने मरम्मत कार्य के बाद सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली बहाल कर दी है।
नारायणबगड़ में शुक्रवार रात करीब साढ़े तीन घंटे तक हुई तेज बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। रात करीब 11:30 बजे तक हुई मूसलाधार बारिश से बाजार में पानी भर गया, जबकि इंटर कॉलेज का मैदान पूरी तरह तालाब में बदल गया। बारिश थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
“मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।”

More Stories
राजपाल यादव’ कौन था? 8 दिन अस्पताल में जिंदगी से जंग, फिर लावारिस हुआ अंतिम संस्कार
मोबाइल ऐप से बीच सड़क बंद हो रहे ई-रिक्शे! छात्रों की शरारत या बड़ा साइबर खतरा?
मदरसे से पढ़कर घर लौट रहे बच्चे से खेत में ले जाकर दुष्कर्म, फिर बदहवास हालत में छोड़कर आरोपी फरार