उत्तराखंड में बारिश का कहर: चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, कई हाईवे बंद, स्कूलों की छुट्टी
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। राजधानी देहरादून समेत राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश हुई। सबसे अधिक 233 मिमी वर्षा मालदेवता में दर्ज की गई, जबकि देहरादून, मसूरी, जौलीग्रांट और उखीमठ सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए चारधाम यात्रा को एहतियातन दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त ने बताया कि केदारनाथ, बदरीनाथ और यमुनोत्री यात्रा मार्गों पर कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण रास्ते अवरुद्ध हैं। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आज और कल यात्रा पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। मौसम में सुधार होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
भारी बारिश के चलते केदारनाथ, बदरीनाथ और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई जगह मलबा और बोल्डर आने से बंद हो गए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं, कई क्षेत्रों में सड़क संपर्क बाधित हुआ है और प्रशासन को राहत एवं बचाव अभियान चलाना पड़ा है। खराब मौसम को देखते हुए राज्य के चार जिलों में आज स्कूल भी बंद रखे गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

More Stories
उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी: केदारनाथ हाईवे कई जगह बंद, मसूरी में भूस्खलन और मलबे से जनजीवन प्रभावित
उत्तराखंड में बारिश का असर: देहरादून में जलभराव और मलबा, चमोली में 21 सड़कें बंद, बदरीनाथ हाईवे बाधित
उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर: यमुनोत्री मार्ग धंसा, हाईवे बंद, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित