Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

 

उत्तराखंड में जुलाई में सामान्य से 8% ज्यादा बारिश, बागेश्वर में रिकॉर्ड वर्षा; 56 सड़कें अब भी बंद

उत्तराखंड में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। जुलाई महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 से 26 जुलाई के बीच राज्य में सामान्य 354.3 मिमी के मुकाबले 372.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

सबसे अधिक बारिश बागेश्वर जिले में हुई, जहां सामान्य से 188 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। वहीं चमोली में भी सामान्य से 62 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। दूसरी ओर देहरादून, नैनीताल और चंपावत जिलों में अब तक सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

लगातार हो रही बारिश का असर प्रदेश की सड़कों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। भूस्खलन और अन्य कारणों से राज्य में 56 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें 47 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं, जिससे कई क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

जिलावार स्थिति की बात करें तो पिथौरागढ़ में एक राज्य मार्ग सहित 13 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा चमोली में 9, देहरादून में 7, ऊधम सिंह नगर में 6, बागेश्वर और नैनीताल में 5-5, पौड़ी और रुद्रप्रयाग में 4-4, अल्मोड़ा में 2 और टिहरी में 1 सड़क बंद है।

प्रशासन बंद मार्गों को खोलने के लिए लगातार राहत एवं बहाली कार्य में जुटा है, जबकि लोगों से मौसम और सड़क संबंधी अपडेट देखकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।

चर्चित खबरें