Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

उत्तरकाशी: पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में भीषण आग, सेवानिवृत्त ANM की मौत

उत्तरकाशी: पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में भीषण आग, सेवानिवृत्त ANM की मौत

उत्तरकाशी के मोरी प्रखंड के आराकोट से इस वक्त बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरा भवन जलकर राख हो गया।

इस दर्दनाक हादसे में भवन में वर्षों से अकेली रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात आराकोट के पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। आग पर काबू पाने के लिए मोरी और त्यूणी के साथ-साथ पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से भी अग्निशमन वाहनों को मौके पर बुलाया गया।

तीनों स्थानों से पहुंची अग्निशमन टीमों और पुलिस प्रशासन ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पुराना स्वास्थ्य केंद्र भवन पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

बताया जा रहा है कि पार्वती जैन स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद से वर्षों से इसी पुराने भवन में रह रही थीं। हादसे में उनकी दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।