असम विमान हादसे में उत्तराखंड का वीर सपूत बलिदान, सेलाकुई के प्रशांत सिंह को नम आंखों से दी जा रही श्रद्धांजलि
देहरादून। असम के जोरहाट एयरबेस पर भारतीय वायु सेवा के एक कार्गो विमान हादसे में उत्तराखंड के देहरादून जिले के सेलाकुई निवासी जवान प्रशांत सिंह के बलिदान की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। 32 वर्षीय प्रशांत सिंह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और महज डेढ़ वर्ष पहले ही उनका विवाह हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सेलाकुई की श्रीरामपुरम कॉलोनी निवासी प्रशांत सिंह पिछले करीब आठ वर्षों से देश सेवा में समर्पित थे। यह उनकी दूसरी पोस्टिंग थी। परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य के अनेक सपने संजोए थे, लेकिन विमान हादसे की दुखद खबर ने परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं।
परिजनों ने बताया कि प्रशांत का विवाह 23 नवंबर 2024 को हुआ था। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था और सभी उनके सफल भविष्य की कामना कर रहे थे। लेकिन अब पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
प्रशांत के पिता उमेश सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता बृजेश देवी ने बताया कि प्रशांत परिवार के इकलौते बेटे थे। परिवार में उनकी एक बड़ी बहन हैं, जिनका विवाह हो चुका है। बलिदान की खबर मिलते ही माता-पिता हादसा स्थल के लिए रवाना हो गए।
घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र के लोगों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का घर पर तांता लग गया। हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने और श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंच रहा है। पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदनाओं का माहौल बना हुआ है।
इस दुखद घटना पर सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित चौधरी और ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत समेत कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश ने अपना एक वीर सपूत खो दिया है, जिसकी राष्ट्र सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा।
देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवान प्रशांत सिंह को विनम्र श्रद्धांजलि। उनकी शहादत को राष्ट्र हमेशा सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगा। 🇮🇳🙏

More Stories
कैंची धाम स्थापना दिवस की तैयारियां पूरी, 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीब करौरी के दर्शन
देहरादून में भाजपा नेता की हत्या के बाद बवाल, आरोपी के घर में आगजनी और बुलडोजर कार्रवाई
उत्तराखंड में जल्द दस्तक देगा मानसून, 22 जून तक पहुंचने की संभावना; गर्मी से मिलेगी राहत