रामनगर के जंगल में महिला पर हाथी का जानलेवा हमला, चमत्कारिक ढंग से बची जान
उत्तराखंड में मानव–वन्यजीव संघर्ष एक बार फिर डरावनी तस्वीर लेकर सामने आया है। रामनगर के टेड़ा गांव के जंगल में लकड़ी लेने गई एक महिला पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। कोसी रेंज के अंतर्गत टेड़ा गांव की 43 वर्षीय सीमा देवी तीन अन्य महिलाओं के साथ जंगल गई थीं। तभी अचानक सामने आए एक हाथी ने सीमा देवी को अपनी सूंड में उठाकर जमीन पर पटक दिया। महिला की चीख-पुकार और हाथी की चिंघाड़ से जंगल में अफरा-तफरी मच गई।
हाथी के हमले से डरकर साथ आई महिलाएं भी सहम गईं और शोर मचाने के बावजूद कुछ नहीं कर सकीं। घायल सीमा देवी ने बताया कि जब हाथी उसके ऊपर पैर रखने ही वाला था, तभी उसने भगवान का नाम लिया और हाथ जोड़ दिए। उसी पल हाथी पीछे की ओर मुड़ा और इसी दौरान वह घिसटते हुए खुद को बचाने में सफल रही।
महिलाओं ने किसी तरह भागकर जंगल से बाहर सड़क तक पहुंचकर अपनी जान बचाई। बताया गया कि हाथी कुछ दूरी तक महिलाओं का पीछा करता हुआ सड़क तक भी आ गया था। ग्रामीणों की मदद से सीमा देवी को संयुक्त अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की निगरानी शुरू कर दी गई है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

More Stories
विश्व दिव्यांग दिवसके अवसर पर सीएम धामी ने 41दिव्यांग प्रतिभाओं को किया सम्मानित
18 महीने में तैयार होगा कैंची धाम बाईपास,जाम के झाम से मिलेगा छुटकारा।
अपनी लोकेशन भेजने के बाद युवक ने बाइक समेत खाई में कूद कर दी जान