Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

देहरादून में प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ का शपथ ग्रहण अधिवेशन, 150 चिकित्सक सम्मानित

देहरादून में प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ का शपथ ग्रहण अधिवेशन, 150 चिकित्सक सम्मानित

 

प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ, उत्तराखंड द्वारा देहरादून में शपथ ग्रहण अधिवेशन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने-अपने पद एवं दायित्वों की विधिवत शपथ ली।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल तथा महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सुनीता टम्टा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

 

अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नए पदाधिकारियों पर संगठन को नई दिशा देने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने चिकित्सकों को आश्वस्त किया कि डीपीसी, एसडीएसपी सहित विभिन्न लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारित किया जाएगा। साथ ही जिला और उप-जिला अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी स्थापित करने तथा दूरदराज क्षेत्रों में कार्यरत डॉक्टरों के लिए डॉक्टर्स कॉलोनी बनाने का आश्वासन दिया।

 

उन्होंने यह भी कहा कि चिकित्सकों की पोस्टिंग उनकी कार्यक्षमता (परफॉर्मेंस) के आधार पर की जाएगी तथा सुगम और दुर्गम क्षेत्रों का चयन राज्य स्तर पर सुनिश्चित किया जाएगा। मंत्री ने चिकित्सकों की सभी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

 

अधिवेशन के दौरान प्रदेशभर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 150 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने आयोजन को और आकर्षक बना दिया।

 

इस दौरान डॉ. रमेश कुंवर ने अध्यक्ष पद तथा डॉ. यशपाल सिंह तोमर ने महासचिव पद की शपथ ली। अन्य पदाधिकारियों ने भी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम में वक्ताओं ने संगठन की भविष्य की योजनाओं, सामाजिक दायित्वों और जनहित के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। बड़ी संख्या में सदस्यगण और गणमान्य नागरिक इस आयोजन में उपस्थित रहे।

 

अंत में महासचिव डॉ. यशपाल सिंह तोमर ने स्वास्थ्य मंत्री, सभी अतिथियों और प्रदेशभर से आए चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

कार्यक्रम में डॉ. तृप्ति बहुगुणा (पूर्व महानिदेशक), डॉ. आर.सी. पंत, डॉ. शिखा जगपांगी, डॉ. रश्मी पंत, डॉ. डी.पी. जोशी, डॉ. बी.सी. रमोला, डॉ. मनोज वर्मा सहित सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पीएमएस/सीएमएस और अन्य चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया।