बीकेटीसी समिति के उपाध्यक्ष पर महिला कर्मचारी ने लगाए अभद्रता के आरोप
नंदप्रयाग : बीकेटीसी (बदरी-केदारनाथ मंदिर समिति) के नंदप्रयाग स्थित अतिथि गृह में सहायिका के पद पर तैनात एक महिला कर्मचारी ने बदरीकेदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती पर ही अभद्रता और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला कर्मचारी के अनुसार, वह अपने स्थानांतरण (ट्रांसफर) और नियमितिकरण की मांग को लेकर जोशीमठ स्थित बीकेटीसी कार्यालय पहुंची थी। इसी दौरान उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती से उनकी बातचीत हुई, जहां कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और बातचीत के दौरान उपाध्यक्ष ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और उन पर जबरन “स्टॉप पेपर” लिखवाने का दबाव बनाया।
अब महिला कर्मचारी ने इसे मानसिक उत्पीड़न बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इसके साथ ही महिला ने बीकेटीसी अतिथि गृह के कुछ प्रबंधकों पर भी महिला कर्मचारियों के साथ बदतमीजी करने के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण नहीं है।
वहीं महिला कर्मचारी ने आगे आरोप लगाया कि बीकेटीसी में नियुक्त कुछ अन्य कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता भी संदेह के घेरे में है और इसकी जांच मांग की है। फिलहाल इस मामले में बीकेटीसी प्रशासन या उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला सामने आने के बाद मंदिर समिति की कार्यप्रणाली और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

More Stories
अर्जुन हत्याकांड के आरोपियों का देर रात एनकाउंटर, देखें वीडियो
अरकु से ग्लोबल कप तक “कॉफी की नई यात्रा”
पत्रकारों ने देखा 1971 युद्ध का गवाह INS कुरसुरा, समुद्र के नीचे की वीरगाथा