Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

मुनि की रेती में गंगा की लहरों पर लौटा रोमांच, नए राफ्टिंग सीजन का शुभारंभ

मुनि की रेती में गंगा की लहरों पर लौटा रोमांच, नए राफ्टिंग सीजन का शुभारंभ

मुनि की रेती क्षेत्र में बुधवार से गंगा की लहरों पर रोमांच का नया दौर शुरू हो गया। रिवर राफ्टिंग के नए सीजन का विधिवत शुभारंभ गंगा पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया।

गंगा घाट पर राफ्टिंग व्यवसायियों, रिवर गाइड्स और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पर्यटकों की सुरक्षा और पूरे राफ्टिंग सीजन के निर्विघ्न संचालन की कामना की गई।

सुबह से ही घाटों पर राफ्टिंग कारोबार से जुड़े लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। पूजन के दौरान राफ्टिंग व्यवसायियों ने सुरक्षित राफ्टिंग के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पूरी सावधानी बरतने का संकल्प लिया।

राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धमेंद्र नेगी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में साहसिक पर्यटन के प्रति पर्यटकों का आकर्षण लगातार बढ़ा है। रिवर राफ्टिंग के चलते मुनि की रेती और आसपास का क्षेत्र व्हाइट वॉटर राफ्टिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना चुका है।

नए सीजन को लेकर होटल, रिसॉर्ट, कैंप और राफ्टिंग यूनिट्स में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। अब गंगा की लहरों पर रोमांच के साथ पर्यटन कारोबारियों को भी अच्छे सीजन का इंतजार है।

चर्चित खबरें

1 min read

बिटकॉइन में मोटे मुनाफे का झांसा, 13.35 लाख की ठगी! वेबसाइट पर दिखाए 20 हजार डॉलर, निकासी के वक्त खुला राज देहरादून से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बिटकॉइन कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 13 लाख 35 हजार 323 रुपये की ठगी कर ली गई। मामला डालनवाला थाना क्षेत्र का है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्तिक अग्रवाल और आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के मुताबिक, जून 2026 में उनके मोबाइल पर कार्तिक अग्रवाल नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को बिटकॉइन कारोबार करने वाली कंपनी का कर्मचारी बताया और दावा किया कि 10 हजार डॉलर के निवेश पर रोजाना 300 से 500 डॉलर तक का मुनाफा कमाया जा सकता है। मुनाफे के इस लालच में पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में बैंक खातों के जरिए कुल 13 लाख 35 हजार 323 रुपये आईएमटी मार्केट डॉट कॉम से जुड़े खातों में जमा कर दिए। आरोप है कि भुगतान के बाद पीड़ित से रकम की रसीद या स्क्रीनशॉट वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा जाता था। इसके बाद जमा की गई रकम उसके ऑनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट में दिखाई देने लगती थी। कुछ समय बाद वेबसाइट पर पीड़ित के खाते में करीब 20 हजार डॉलर की रकम दिखाई गई। लेकिन जब उन्होंने इस रकम को निकालने की कोशिश की, तो वेबसाइट ने निकासी की अनुमति नहीं दी। यहीं से पीड़ित को पूरे मामले पर शक हुआ और उन्हें कथित ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने कार्तिक अग्रवाल से बातचीत की और इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। अब डालनवाला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित ऑनलाइन निवेश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और बैंक खातों के जरिए भेजी गई रकम आखिर कहां गई। साइबर ठगी के इस मामले ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि ऑनलाइन निवेश में असामान्य और रोजाना भारी मुनाफे का दावा करने वाले ऑफर पर भरोसा करने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करना कितना जरूरी है।