Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

अवैध संबंध बना हत्या की वजह! पति-पत्नी ने रची साजिश, बिजनौर के गोपाल कुमार की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

अवैध संबंध बना हत्या की वजह! पति-पत्नी ने रची साजिश, बिजनौर के गोपाल कुमार की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई बिजनौर निवासी गोपाल कुमार की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सर्वानंद घाट और दूधियाबंद बस्ती के पास हुई इस वारदात के मामले में पुलिस और सीआईयू की टीम ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, गोपाल कुमार के एक महिला से कथित तौर पर अवैध संबंध थे। आरोप है कि गोपाल महिला पर अपने पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ चलने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर वह महिला को अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।

परेशान होकर महिला ने पूरी बात अपने पति को बताई। इसके बाद पति ने अपनी पत्नी और अपने भाई के साथ मिलकर गोपाल की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

दरअसल, 17 सितंबर की सुबह हरिद्वार की नगर कोतवाली क्षेत्र में दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। शव के पास बिजनौर जाने वाली बस का टिकट मिला था, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में शव की फोटो और जानकारी भेजकर पहचान के प्रयास शुरू किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान 50 वर्षीय गोपाल कुमार, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास, बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में की।

मृतक के बेटे आशु कुमार की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस और सीआईयू की कई टीमें गठित कर मामले की जांच शुरू की गई और अब पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सोमवार को पुलिस कार्यालय सभागार में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।