Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार

ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार दो बदमाशों ने शराब कैंटीन संचालक अमन की गोली मारकर हत्या कर दी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं आक्रोशित लोगों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर जोरदार हंगामा और घेराव किया।

जानकारी के मुताबिक, ढंडेरा निवासी अमन शराब की कैंटीन चलाते थे। शुक्रवार देर रात कैंटीन बंद करने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अमन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, पुरानी रंजिश की आशंका

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश में इलाके में कांबिंग भी की गई, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।